एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के एनसीसी कैडेट्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में कुल्लू स्थित 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी (हाथीथान) में अत्याधुनिक वायरस SW-80 माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट सिमुलेटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सिमुलेटर का उद्घाटन कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि यह अत्याधुनिक सिमुलेटर हिमाचल प्रदेश में एनसीसी प्रशिक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। यह सुविधा कैडेट्स को उड़ान प्रशिक्षण का प्रारंभिक लेकिन अत्यंत आवश्यक व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी, जिससे उनके ज्ञान, आत्मविश्वास और सशस्त्र बलों में करियर बनाने की तैयारी को नई दिशा मिलेगी। इस पहल से क्षेत्र के 1100 से अधिक एनसीसी कैडेट्स को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि एनसीसी प्रशिक्षण एयरक्राफ्ट के लिए बनाए गए हैंगर को शीघ्र कार्यशील करने हेतु शिक्षा मंत्री से एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन करने के संबंध में बातचीत की जाएगी, ताकि यूनिट के दो एयरक्राफ्ट के माध्यम से यहीं पर कैडेट्स को फ्लाइंग प्रशिक्षण की सुविधा जल्द उपलब्ध करवाई जा सके। विधायक ने यह भी कहा कि भविष्य में एनसीसी एयर विंग की सभी गतिविधियों के लिए कॉलेज या एयरपोर्ट के समीप भूमि उपलब्ध करवाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
ड्रोन तकनीक पर भी विशेष जोर देते हुए उन्होंने बताया कि यह यूनिट ड्रोन संचालन के प्रशिक्षण में भी सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विंग कमांडर को 10 से 40 किलो भार क्षमता वाले ड्रोन तैयार करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिसके लिए लाडा के माध्यम से धन उपलब्ध करवाया जाएगा। इन ड्रोन का उपयोग आपदा के समय आवश्यक सामग्री पहुंचाने में भी किया जा सकेगा।
इसके साथ ही विधायक ने सेना में सेवाएं देने के इच्छुक कैडेट्स के लिए कोचिंग और क्रैश कोर्स संचालित करने के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया, जिससे क्षेत्र से अधिक से अधिक युवा अधिकारी बनकर देश की सेवा कर सकें।इस अवसर पर 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने सिमुलेटर की स्थापना को एनसीसी प्रशिक्षण में एक नए युग की शुरुआत बताया और मुख्य अतिथि का यूनिट को निरंतर सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन के समस्त स्टाफ, एसोसिएट ऑफिसर और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
