एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर हुए ब्लॉक प्वाइंट को युद्ध स्तर पर बहाल किया गया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर फंसे लगभग 500 वाहनों को सुरक्षित निकालकर यातायात बहाल किया गया।
बागवानों की प्राथमिकता में सरकार
मंत्री ने बताया कि सेब सीजन के चलते बागवानों की फसल को मंडियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत वे स्वयं मौके पर रहकर मशीनरी, इंजीनियरों व श्रमिकों का मार्गदर्शन कर रहे हैं और मार्ग बहाली में दिन-रात जुटे हुए हैं।
विपरीत मौसम और दलदल बनी चुनौती
राजस्व मंत्री ने बताया कि निगुलसरी क्षेत्र में भारी दलदल और मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद मार्ग को प्रभावी तकनीकों की सहायता से बहाल रखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों और बागवानों को उनकी साल भर की मेहनत का पूरा फल मिल सके।
आवश्यक वाहनों को मिली प्राथमिकता
बागवानी मंत्री ने बताया कि सेब के ट्रकों, सब्जियों के वाहनों, तेल व गैस के टैंकरों और खाली करेट सहित अन्य आवश्यक सामान से भरे वाहनों को प्राथमिकता के साथ सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने जनता और वाहन चालकों से संयम बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि यातायात शीघ्र पूरी तरह बहाल किया जाएगा।
