एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत आज जनजातीय जिला किन्नौर के उपायुक्त कार्यालय सभागार में उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्रता निर्धारण, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ वितरण की निगरानी से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
उपायुक्त किन्नौर ने बताया कि जिले में उज्ज्वला योजना के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति गठित की गई है, जो लाभार्थियों की पात्रता की पुष्टि एवं योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों की महिला सदस्यों को निःशुल्क एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना है, जिससे उन्हें स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हो सके और धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में कमी आए।
बैठक में बताया गया कि पात्र महिला लाभार्थियों को 2,050 रुपये के मूल्य का निःशुल्क कनेक्शन प्रदान किया जाएगा, जिसमें गैस सिलेंडर की सुरक्षा जमा राशि, रेगुलेटर, सुरक्षा होज, डीजीसीसी पुस्तिका, निरीक्षण और स्थापना शुल्क शामिल है। आवेदन के लिए केवाईसी फॉर्म, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, राशन कार्ड एवं वंचना घोषणा पत्र आवश्यक होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन परिवारों के पास पहले से एलपीजी कनेक्शन दर्ज है या आय, संपत्ति तथा वाहनों के स्वामित्व के आधार पर नियमानुसार अयोग्य हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।
बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी नितिन टंडन, जिला खाद्य अधिकारी धनवीर ठाकुर और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
