एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी, रामपुर को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सम्मानित किया है। यह सम्मान रविवार को राजभवन शिमला में निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्ट्स एंड एक्टिविटीज) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से रक्तदान और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्यपाल ने समाजहित में कार्य कर रही संस्थाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अधिक उत्साह और समर्पण के साथ सेवा कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी की ओर से मुख्य सलाहकार संजय सूद, संदीप शर्मा, ज्योति लाल, अतुल कश्यप और जितेंद्र कश्यप ने राज्यपाल के हाथों नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड एवं सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्राप्त किया।
सोसाइटी को निफा संस्था द्वारा रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दूसरी बार सम्मानित किया गया है। इससे पहले भी संस्था को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिल चुके हैं। इसके साथ ही सोसाइटी को आगामी सितंबर माह में अयोध्या में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मान समारोह में भी आमंत्रित किया गया है। रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी वर्षों से रक्तदान के साथ-साथ अंगदान जागरूकता, एम्बुलेंस सेवा, खनेरी अस्पताल में रात्रि लंगर सेवा और रोटी बैंक जैसी जनसेवा गतिविधियों का लगातार संचालन कर रही है, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है।
सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस सम्मान के लिए निफा संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी रक्तदान और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
