एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ऐंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत रामपुर में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से उपमंडल स्तरीय ऐंटी-चिट्टा रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश देना रहा।
राजकीय महाविद्यालय से रैली को दिखाई गई हरी झंडी
रैली को सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल ने राजकीय महाविद्यालय रामपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर नशे के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि जागरूकता ही इस सामाजिक बुराई से लड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

राष्ट्रीय राजमार्ग व मुख्य बाजार से गुजरी रैली
रैली राजकीय महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 और रामपुर के मुख्य बाजार से होती हुई पदम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, महिला मंडलों, सामाजिक संस्थाओं, निजी शिक्षण संस्थानों, पेंशनर संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
नारों व तख्तियों से दिया नशा विरोधी संदेश
प्रतिभागियों ने तख्तियां और नारे लेकर नशे के खिलाफ सशक्त संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में रैली के दौरान सकारात्मक माहौल देखने को मिला और आमजन में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ती हुई नजर आई।
पदम स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
रैली के उपरांत पदम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक और मानसिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
घर से शुरुआत की अपील: विधायक नंद लाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नंद लाल ने कहा कि नशे जैसी गंभीर समस्या को समाप्त करने के लिए सबसे पहले अपने घरों से शुरुआत करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने की अपील की। विधायक ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी के व्यवहार में अचानक बदलाव, एकांत में रहने की प्रवृत्ति या दिनचर्या में असामान्य परिवर्तन दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत अध्यापकों और अभिभावकों को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें, उनसे नियमित संवाद बनाए रखें और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करें।
सामूहिक प्रयासों से ही संभव है नशा मुक्त समाज: एसडीएम
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के ऐंटी-चिट्टा अभियान को सफल बनाने के लिए समाज, प्रशासन और शैक्षणिक संस्थानों का सामूहिक सहयोग आवश्यक है, तभी नशा मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
