एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 के प्रशासनिक कार्यालय बायल में महाप्रबंधक (आर & आर) मिस अलका जायसवाल, साईट पलेही में उप महाप्रबंधक (सिविल) महेंद्र नेगी, गुणवत्ता नियंत्रण लैब, झाकड़ी में सहायक प्रबन्धक सीता शर्मा और सबस्टेशन कोयल में फील्ड अधिकारी प्रवीण कुमार द्वारा आज सभी आधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और परियोजना के सभी कर्मचारियों, गैर- कर्मचारियों एवं हितधारकों को एक एक तुलसी के पौधे का गमला दिया गया। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा, और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर विशेष बल दिया गया है।
पर्यावरण दिवस के अवसर पर परियोजना के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए फोटोग्राफ़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। परियोजना के आस-पास के स्कूलों जैसे राजकीय उच्च पाठशाला निरथ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शमाथला, राजकीय उच्च पाठशाला कोयल, राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढमाह, में आलेख प्रतियोगिता तथा डी.ए.वी एसजेवीएन पब्लिक स्कूल दत्तनगर एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निथर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ प्रबंधक (पर्यावरण) संदीप ठाकुर ने अपने संभाषण में कहा, “पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का कार्य नहीं, यह निरंतर प्रयास है। हमें आज ही से अपने जीवनशैली में बदलाव लाकर एक हरित और स्वच्छ भविष्य की ओर कदम बढ़ाना चाहिए।”
प्रतियोगिताओं में विजेताओं को प्रोत्साहन हेतू उचित पुरस्कार भी दिये गए हैं। इस पर्यावरण दिवस को इको फ्रेंडली तरीके से मनाया गया, पी.वी.सी फ्लेक्स की जगह पी.वी.सी मुक्त/क्लॉथ मीडिया बैनर इस्तेमाल किया गया। प्रभागीय वन अधिकारी रामपुर द्वारा भी पौधे वितरण योजना की सराहना की।