एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मैमोरियल पीजी कॉलेज रामपुर के खेल मैदान में जल्द ही बरमूडा घास की हरियाली नजर आएगी। वन विभाग ने मैदान को बेहतर स्वरूप देने के लिए 20 अगस्त से हाइड्रोसीडिंग तकनीक के माध्यम से बरमूडा घास उगाने का कार्य शुरू किया है। अब विभाग की मेहनत रंग लाने लगी है और आगामी सात से 10 दिनों में मैदान में घास तैयार होने की उम्मीद है।
खेल मैदान में घास तैयार होने से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। रामपुर वन वृत्त के अधिकारी और कर्मचारी मैदान को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। मैदान की सफाई से लेकर इसके रखरखाव तक वन विभाग की टीम जुटी हुई है।
गौरतलब है कि 11 से 13 सितंबर तक इसी मैदान में हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक स्पोर्ट्स मीट आयोजित की जाएगी। स्पोर्ट्स मीट को देखते हुए वन विभाग ने पाटबंगला खेल मैदान को बेहतर स्वरूप देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
दीवारों से मैदान के चारों ओर तक की सफाई
रामपुर वन वृत्त के कर्मचारियों ने खेल मैदान की सभी दीवारों और मैदान के चारों ओर विशेष सफाई अभियान चलाया। अरण्यपाल रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने अभियान में सेवाएं देने वाले अधिकारियों, वन रक्षकों, वन मित्रों और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
मैदान के रखरखाव की अपील
अरण्यपाल सीबी ताशीलदार ने रामपुर की जनता और कॉलेज प्रशासन से अपील की है कि वन विभाग की स्पोर्ट्स मीट संपन्न होने के बाद भी खेल मैदान का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हाइड्रोसीडिंग तकनीक से बरमूडा घास उगाने का कार्य प्रगति पर है और आगामी सात से 10 दिनों में मैदान में घास तैयार हो जाएगी। इससे मैदान की सुंदरता बढ़ने के साथ खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी।
