एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर। हिमाचल प्रदेश स्टेट फूड कमीशन के चेयरमैन डॉ. सत्य प्रकाश कटयाल ने वीरवार को रामपुर का दौरा कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) 2013 के तहत संचालित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न खाद्य और पोषण योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में समेकित बाल विकास सेवा, प्रधानमंत्री पोषण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अंत्योदय अन्न योजना और अन्य एनएफएसए से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। विभागों ने अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों व उनके समाधान पर चर्चा की।
डॉ. कटयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, नियमित निरीक्षण और प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल देने को कहा।
स्टेट फूड कमीशन का मुख्य दायित्व एनएफएसए के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समय पर निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता में खाद्यान्न और पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना है। यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में कमी पाई जाती है, तो इसे राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष उठाना आयोग का दायित्व है, ताकि आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
