एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नंबरदार जनकल्याण महासंघ हिमाचल प्रदेश की रामपुर इकाई की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान नंबरदारों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार को ज्ञापन भी सौंपा गया। महासंघ ने जिला शिमला के सभी उपमंडलों में नंबरदारों और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग उठाई, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
बैठक में राजेंद्र कुमार को रामपुर नंबरदार यूनियन का अध्यक्ष चुना गया। वहीं, योगराज और जिया लाल शर्मा को उपाध्यक्ष, भारत भूषण मेहता को महासचिव, महेंद्र भंडारी को सलाहकार तथा दुर्गा सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष भीम सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेशभर में करीब 3750 नंबरदार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में उन्हें पांच हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने मानदेय में हाल ही में की गई वृद्धि के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया। ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने फर्द और जमाबंदी से संबंधित कार्यों की आवश्यक जानकारी नंबरदारों को उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही उपस्थिति पत्र और नंबरदारी प्रमाण-पत्र जारी करने तथा तहसील कार्यालयों में नंबरदारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया गया।
महासंघ ने भूमि संबंधी मामलों में नंबरदारों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान, आपदा प्रबंधन और अन्य सरकारी कार्यों में नंबरदारों की सेवाएं लेने से पहले उन्हें समय पर सूचना देने की मांग की गई। महासंघ ने तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम रामपुर से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर उचित कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की।
