एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपमंडलाधिकारी कल्पा एवं सदस्य सचिव विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) रिकांग पिओ अमित कल्थाईक ने जानकारी दी कि स्वच्छता अभियान के तहत रिकांग पिओ के सराय भवन, वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
अमित कल्थाईक ने बताया कि अभियान के दौरान साडा परिसर में फैले कचरे को एकत्रित कर उचित निपटान किया गया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें और केवल साडा द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही निपटान करें। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डिब्बों में डालने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और आसपास सफाई बनाए रखने की आदत विकसित करना बेहद आवश्यक है।
एसडीएम कल्पा ने गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गीला कचरा कम्पोस्ट बनाकर उपयोगी खाद में बदला जा सकता है, जबकि सूखा कचरा पुनर्चक्रण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे न केवल स्वच्छता में सुधार होता है, बल्कि नगर निकायों पर बोझ भी कम होता है।
स्वच्छता अभियान में वन विभाग, होमगार्ड, किन्नौर टूरिज्म एसोसिएशन और एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
