एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2022 बैच के अधिकारी सचिन शर्मा ने वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त शिमला का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पूर्व वह एसडीएम अंब के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभों से वंचित न रहे। इसके साथ-साथ आम जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निपटारा भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 जनवरी को एंटी-चिट्टा अभियान के तहत आयोजित की जा रही ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला शिमला को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए सभी पंचायतों में प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा और प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
सचिन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लागू की गई विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ महिलाएं हैं, ऐसे में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को घर-द्वार पर रोजगार के अवसर प्रदान करने और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए नए नवाचारों को लागू किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी पंचायतों में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। लंबित और लंबे समय से चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और फील्ड स्टाफ से अपील की कि वे लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें।
प्रोफाइल: सचिन शर्मा
हरियाणा के झज्जर जिले से संबंध रखने वाले सचिन शर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर 233वीं रैंक हासिल की थी। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित स्कूल से 12वीं तक हुई। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया।
बीटेक के बाद उन्होंने कुछ वर्षों तक निजी कंपनी में कार्य किया और फिर यूपीएससी की तैयारी का निर्णय लिया। उनके पिता सुनील दत्त हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। सचिन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके बड़े भाई विपिन शर्मा हैं, जबकि बहनों के नाम वंदना, मनीषा और वर्षा हैं।
सचिन शर्मा की धर्मपत्नी डॉ. आस्था शर्मा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एवलॉज परिसर में विधि विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
