एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला कल्याण अधिकारी शिमला, कपिल देव शर्मा ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, वे 15 फरवरी 2026 से पूर्व अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन करवाएं।
हिमाचल प्रदेश सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सभी पेंशनरों का ई-केवाईसी ऑनलाइन सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य पेंशन को उनके बैंक या डाकघर खाते में सुचारू रूप से वितरित करना है। ई-केवाईसी सत्यापन अभियान जुलाई 2025 में जिला और तहसील कल्याण अधिकारियों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से शुरू किया गया था। प्रारंभिक अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई थी। जिन पेंशनरों ने यह सत्यापन नहीं करवाया, उनकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
महत्वपूर्ण सूचना:
-
यदि लाभार्थी द्वारा समय पर ई-केवाईसी नहीं करवाया गया, तो उनकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।
-
जिन पेंशनरों का आधार कार्ड नहीं बना है या अपडेट की आवश्यकता है, वे तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
ई-केवाईसी सत्यापन और समस्या निवारण हेतु लाभार्थी अपने नजदीकी:
-
जिला कल्याण अधिकारी
-
तहसील कल्याण अधिकारी
-
बाल विकास परियोजना अधिकारी
-
बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक
-
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
से तुरंत संपर्क करें।
