एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1988 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। मंगलवार देर रात इस नियुक्ति पर सहमति बनी और बुधवार सुबह राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी।
गुप्ता वरिष्ठता सूची में सबसे ऊपर थे और उनका नाम मुख्य सचिव पद के लिए भी प्रबल दावेदारों में शामिल था। सरकार की ओर से उन्हें पीसीबी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के बाद अब मुख्य सचिव पद की दौड़ लगभग साफ हो गई है। इस नियुक्ति के साथ ही 1993 बैच के आईएएस अधिकारी केके पंत का हिमाचल का अगला मुख्य सचिव (सीएस) बनना लगभग तय माना जा रहा है।
मंगलवार को मौजूदा मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना सेवानिवृत्त हो गए। इसके बाद मुख्य सचिव की कुर्सी के लिए केवल दो नाम चर्चा में थे संजय गुप्ता और केके पंत। लेकिन गुप्ता की पीसीबी में तैनाती ने यह प्रतिस्पर्धा समाप्त कर दी है। अब सरकार ने संकेत साफ कर दिए हैं कि मुख्य सचिव की जिम्मेदारी पंत को ही सौंपी जाएगी। फिलहाल वह राज्य सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर कार्यरत हैं।
रिटायरमेंट के तुरंत बाद सक्सेना को नई जिम्मेदारी
हिमाचल सरकार पर बेरोजगार युवाओं के बीच अक्सर यह आरोप लगता है कि वह अपने चहेते अधिकारियों पर मेहरबान रहती है। इसका ताजा उदाहरण पूर्व मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना का मामला है। उन्हें पहले ही छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया था और अब सेवानिवृत्त होते ही सरकार ने उन्हें हिमाचल बिजली बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। यह जिम्मेदारी उन्हें तीन साल के लिए सौंपी गई है। बेरोजगार युवाओं का कहना है कि सरकार जिस तेजी से सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों को पुनर्नियुक्ति दे देती है, उसी तरह बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने में भी तत्परता दिखानी चाहिए। गौरतलब है कि प्रदेश में पहले भी रिटायर्ड अधिकारियों को इस तरह दोबारा जिम्मेदारी दी जाती रही है।
जफर को केसीसी बैंक का अतिरिक्त प्रभार
सरकार ने मंगलवार को पांच अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी जफर इकबाल को कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक (KCC Bank) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही आईपीएस अधिकारी अभिषेक त्रिवेदी को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव बनाया गया है। 1994 बैच के आईएफएस अधिकारी सुशील कुमार सिंगला को पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। 2008 बैच की आईएएस अधिकारी राखिल काहलों को जल शक्ति विभाग का सचिव बनाया गया है। आईएएस अधिकारी आशीष सिंघमार को डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।