एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने आज विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लागू किए गए गैरकानूनी FIR नियम के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। यह नियम उन छात्रों को हॉस्टल सुविधा से वंचित करता है जिनके खिलाफ प्रशासन द्वारा FIR दर्ज होती है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 शुरू हो चुका है और नए छात्रों के लिए हॉस्टल आवास की प्रक्रिया जारी है। लेकिन इस नियम के कारण छात्रों में भारी असंतोष है।
एसएफआई ने इस नियम को संविधान और क़ानून के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन बताया, जो निर्दोष होने तक व्यक्ति को दोषी नहीं मानते। एसएफआई का कहना है कि इस नियम का मकसद केवल प्रशासन की आलोचना करने वाले छात्रों को दबाना है, जो छात्रों के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। विरोध स्वरूप, एसएफआई ने विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अध्ययन और मुख्य छत्रपाल का घेराव किया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस नियम की संवैधानिकता और प्रभाव पर कुलसचिव व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
एसएफआई ने चेतावनी दी है कि यदि यह गैरकानूनी नियम तुरंत वापस नहीं लिया गया तो वह पूरे विश्वविद्यालय के छात्रों को संगठित कर एक बड़े आंदोलन का निर्माण करेगी। इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन पर होगी।
