एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
ठियोग उपमंडल के देहा (बलसन) में स्थित राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से तैयार यह भवन स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगा। विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आधुनिक सुविधाओं वाले विद्यालय भवन, खेल मैदान, प्रयोगशालाएं और पुस्तकालय विकसित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
शिक्षा सुधारों पर मुख्य बातें
-
हिमाचल प्रदेश एनएएस सर्वेक्षण में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचा
-
असर रिपोर्ट में प्रथम तथा परख रिपोर्ट में द्वितीय स्थान प्राप्त
-
प्रदेश की साक्षरता दर 7 प्रतिशत से बढ़कर 99.30 प्रतिशत तक पहुंची
-
प्रथम कक्षा से अंग्रेज़ी विषय का प्रारंभ
-
नो डिटेंशन पॉलिसी समाप्त
-
स्कूल एडॉप्शन योजना लागू कर विद्यालयों का समग्र विकास
शिक्षकों की भर्ती
शिक्षा मंत्री ने बताया कि अब तक लगभग 7 हजार नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है, वहीं 9 हजार से अधिक पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। इससे विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर हुई है।
इसके अलावा एसएमसी के तहत कार्यरत शिक्षकों को एलडीआर माध्यम से नियमित किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में बजट
वित्त वर्ष में शिक्षा क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जो राज्य के कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत है।
विद्यालय की सुविधाएँ
नवनिर्मित भवन के लिए जल्द ही नई फर्नीचर व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करने का प्रस्ताव दूसरे चरण में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 15-15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई।
गुरुकुल पब्लिक स्कूल के रजत जयंती समारोह में शिरकत
शिक्षा मंत्री ने देहा में आयोजित गुरुकुल पब्लिक स्कूल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में भी भाग लिया। उन्होंने विद्यालय द्वारा जारी स्मारिका का विमोचन किया और विद्यालय प्रबंधन को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति का संरक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व महासचिव रजनीश किमटा, राणा त्रिविक्रम सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य दौलत राज वर्मा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
