एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला श्रम कल्याण कार्यालय किन्नौर द्वारा पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत रारंग में ई-केवाईसी सह जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 44 श्रमिकों ने भाग लिया, जिनमें से 37 श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर के दौरान जिला श्रम कल्याण अधिकारी सपना जसरोतिया ने उपस्थित श्रमिकों को ई-केवाईसी की अनिवार्यता और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी पूर्ण होने से प्रदेश के श्रमिकों को समय पर वित्तीय सहायता और अन्य लाभ प्राप्त करने में सुविधा होती है।
सपना जसरोतिया ने राज्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी साझा की। उन्होंने श्रमिकों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया और महिला कामगारों को वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता एवं सुविधाओं से अवगत करवाया। जिला श्रम कल्याण कार्यालय ने बताया कि ऐसे जागरूकता शिविरों का उद्देश्य श्रमिकों को डिजिटल प्रक्रियाओं से जोड़ना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।
