एआरबी टाइम्स ब्यूरो, दिल्ली
SJVNL और NHPC परियोजनाओं से प्रभावित जिला शिमला के रामपुर का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को केंद्रीय शहरी आवास एवं विद्युत मंत्री, आदरणीय मनोहर लाल खट्टर से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा और उनका समाधान करने की मांग की।
पूर्व भाजपा प्रदेश एससी मोर्चा सचिव और भाजपा नेता रामकृष्ण ने मंत्री को बताया कि रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में चल रही और निर्माणाधीन परियोजनाओं में विस्थापितों को स्थायी रोजगार नहीं दिया जा रहा है। नाथपा झाकड़ी परियोजना में केवल नाममात्र के प्रभावितों को ही स्थायी रोजगार मिला है, जबकि परियोजनाओं में निकलने वाली भर्तियों में प्रभावितों के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी पिछले 20 से 22 वर्षों से परियोजनाओं में अनुबंधित रूप से कार्यरत हैं। ऐसे में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि ठेका कर्मचारियों और विस्थापितों के लिए परियोजनाओं में विशेष कोटा सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बिना किसी असुरक्षा के काम कर सकें और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकें।
केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को जायज मानते हुए आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही परियोजना प्रबंधकों को निर्देश जारी करेंगे, ताकि इन कर्मचारियों और विस्थापितों के लिए स्थायी रोजगार में विशेष कोटा सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर पूर्व वाइस चेयरमैन ननखड़ी शेर सिंह, यूनियन अध्यक्ष राजेश, सचिव नरेंद्र देष्टा, ठाकुर दास, बाबूराम कश्यप, शेर सिंह, कुशल चौहान, पॉविंदर कुमार, भाग सिंह और मनमोहन भी उपस्थित थे।
