एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के रामलीला मैदान से जिले में 17 सितंबर से 16 अक्तूबर तक चलने वाले पोषण अभियान का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का भी आगाज किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कुपोषण मुक्त भारत का निर्माण है। इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर, रैलियाँ एवं पोषण परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष बल देते हुए संतुलित आहार, स्थानीय पोषक आहार के उपयोग और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती माताओं और छोटे बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा, “संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। केंद्र और प्रदेश सरकार किन्नौर के प्रत्येक बच्चे और माँ को पर्याप्त पोषण उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर हैं। पोषण माह केवल एक अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन है।” पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पोषण माह को जन आंदोलन के रूप में अपनाएं और अपने परिवार व समाज को स्वस्थ बनाएं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिलाओं को स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। पोषण और पढ़ाई दोनों पर विशेष ध्यान देते हुए शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार विषयों पर भी जागरूकता फैलाई जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत रामलीला मैदान से फॉरेस्ट रेस्ट हाउस रिकांग पिओ तक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारों के साथ रैली निकाली गई। साथ ही पोषण जागरूकता शिविर का आयोजन कर महिलाओं को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उपायुक्त ने फॉरेस्ट रेस्ट हाउस परिसर में ‘बेटी’ और ‘माँ’ के नाम पर पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक पोषण अभियान मोहिल मेहता, ग्राम पंचायत प्रधान एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।