एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
आधुनिक हिमाचल के निर्माता और छह बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भव्य अनावरण हुआ। सुबह करीब साढ़े 11 बजे कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रतिमा का अनावरण किया और वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा रिज मैदान “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।इस विशेष मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सचिन पायलट, राजीव शुक्ला और रजनी पाटिल सहित कई राष्ट्रीय नेता मौजूद रहे। प्रदेशभर से हजारों लोग अपने लोकप्रिय नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह के सुपुत्र और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह दिन उन सभी के लिए भावनात्मक है जो वीरभद्र सिंह के कार्यों से जुड़े रहे हैं। इस अवसर पर वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से धाम का आयोजन किया गया।

जून में दौलत सिंह पार्क में स्थापित की गई थी प्रतिमा
बता दें कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा दौलत सिंह पार्क में जून माह में स्थापित की गई थी। इसे 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर अनावरण किया जाना था, लेकिन मौसम और आपदा के कारण यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। 8 जुलाई 2021 को वीरभद्र सिंह का निधन शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में हुआ था। उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके योगदान और विरासत को याद करने का ऐतिहासिक क्षण बन गया है। वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे और अपने 47 वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने 13 चुनाव लड़े। वे 9 बार विधायक और 5 बार सांसद रहे। केंद्र सरकार में उन्होंने इस्पात, उद्योग, पर्यटन और लघु उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
सचिन पायलट बोले – वीरभद्र सिंह का योगदान अविस्मरणीय
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि “वीरभद्र सिंह देश के सबसे कद्दावर नेताओं में से एक थे। हिमाचल प्रदेश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनकी प्रतिमा का अनावरण एक ऐतिहासिक क्षण है। हम उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं।” वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने न केवल हिमाचल बल्कि देश की राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। “उनके काम और समर्पण को याद करते हुए हम उन्हें नमन करते हैं।”
प्रियंका बोलीं-अब देश को पीआर नहीं, सेवा करने वाले नेताओं की जरूरत

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हिमाचल को जिस रास्ते पर वीरभद्र सिंह और देश को महात्मा गांधी और पंडित नेहरू ने चलाया, उस पर चलने वाले आज बहुत कम नेता बचे हैं। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो प्रचार और पीआर की राजनीति से आगे बढ़कर जनता की सच्ची सेवा करें। प्रियंका गांधी ने कहा, “आज राहुल गांधी भी इसी विचारधारा पर चल रहे हैं। वे निडर होकर सच बोलते हैं और लोगों की आवाज उठाते हैं। अफसोस की बात है कि केंद्र की सत्ता में बैठे नेता ऐसी राजनीति नहीं करते।” उन्होंने ने कहा कि आज जरूरत है कि हम सभी महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं के दिखाए रास्ते पर चलें, जिन्होंने सादगी, सेवा और समर्पण के बल पर देश और प्रदेश की मजबूत नींव रखी। प्रियंका गांधी ने इस मौके पर मोदी सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और आपदा से हजारों घर, खेत और स्कूल तबाह हो गए, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि बीजेपी की राजनीति केवल चुनावों के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि असली राजनीति जनता की सेवा और सहयोग से चलती है।
