हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu का 62वां जन्मदिवस गुरुवार को शिमला स्थित Oak Over में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, अधिकारियों व कर्मचारियों ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर चिनार का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक Kamlesh Thakur सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
सुबह के समय मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय कर्मचारियों द्वारा आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन सचिवालय से शुरू होकर मालरोड स्थित चर्च के समीप संपन्न हुई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का बजट पूर्णतः जनकल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने प्रदेश के सर्वांगीण विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में और बेहतर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार “सेवा परमो धर्मः” की भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1952 से मिल रही आरडीजी (RDG) को बंद किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रदेश की जनता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश को प्रतिवर्ष लगभग 90,000 करोड़ रुपये की पारिस्थितिक सेवाएं प्रदान करता है और राज्य सरकार विभिन्न मंचों पर प्रदेश के अधिकारों को मजबूती से उठा रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वित्तीय अनुशासन की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम शीघ्र देखने को मिलेंगे। साथ ही, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल कर उन्हें सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की 18 महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी वितरित की। प्रत्येक लाभार्थी को 3 लाख रुपये की सहायता राशि में से पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये प्रदान किए गए, जिससे उनके आवास निर्माण का सपना साकार होगा।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस एवं अन्य युवा इकाइयों द्वारा Indira Gandhi Sports Complex में रक्तदान शिविर और बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई दी।
