एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सुन्नी में जल संकट से निपटने के लिए 25 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना पर युद्ध स्तर पर कार्य जारी है। यह परियोजना एक माह के भीतर शुरू कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विक्रमादित्य सिंह आज सुन्नी में आयोजित पीपल संस्कार पूजा में शामिल होने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार सुन्नी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जल जैसी मूलभूत समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने सुन्नी अस्पताल में रिक्त पड़े पदों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सभी खाली पदों को जल्द से जल्द भरने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में वे समय-समय पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से चर्चा कर रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष उठेगा क्रिटिकल केयर यूनिट का मामला
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि सुन्नी में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, लेकिन इसके लिए बजट की स्वीकृति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस विषय को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी हो और कार्य जल्द आरंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाना, सोलर लाइट्स स्थापित करना तथा सुन्नी बाजार में नालियों का निर्माण शामिल है।
धर्मपत्नी संग पीपल संस्कार पूजा में हुए शामिल
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपनी धर्मपत्नी डॉ. अमरीन सिंह के साथ सुन्नी चौक में आयोजित पीपल संस्कार पूजा में शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों ने विधि-विधान से पीपल वृक्ष के सात फेरे लिए। उन्होंने बताया कि यह पीपल का पौधा उनके पिता एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह द्वारा वर्ष 2014-15 में रोपित किया गया था।
उन्होंने कहा कि पीपल संस्कार पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह स्मृति, संस्कार और सेवा की जीवंत कड़ी है। स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन को सदैव प्राथमिकता दी। वृक्षारोपण अभियानों के माध्यम से उन्होंने हिमाचल की हरियाली और भविष्य को सशक्त बनाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि सुन्नी में आयोजित यह पीपल संस्कार पूजा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि विकास के साथ-साथ प्रकृति और पूर्वजों के प्रति श्रद्धा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
गौसदन में गऊओं को खिलाया आहार, लोगों की सुनी समस्याएं
पीपल संस्कार पूजा के उपरांत विक्रमादित्य सिंह अपनी पत्नी के साथ गोसदन पहुंचे, जहां उन्होंने गऊओं को आहार खिलाया। इसके बाद उन्होंने विश्राम गृह सुन्नी में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अजय लट्ठ, पूर्व शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, नगर पंचायत सुन्नी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, उपाध्यक्ष श्यामा देवी, विपिन शर्मा, प्रदीप वर्मा, गिरीश, कवीन्द्र कंवर, कपिल गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
