एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, शामियाना, प्रदर्शनी, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी इंचार्ज रजनी पाटिल, राजीव शुक्ला सहित कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, और राज्य भर से हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह, जो छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, का हिमाचल के विकास में अहम योगदान रहा है। उनका सम्मान करना हर हिमाचली का दायित्व है। विक्रमादित्य सिंह ने यह भी आश्वासन दिया कि राजा वीरभद्र सिंह की विकासात्मक नीतियों को आगे बढ़ाया जाएगा और हिमाचल को मजबूती से विकास की राह पर ले जाने का कार्य जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एसपी संजीव गांधी सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।