एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आज बचत भवन में सद्भावना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि हर साल 20 अगस्त को देशभर में सद्भावना दिवस मनाया जाता है, जो राष्ट्रीय एकता, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने का प्रतीक है। यह दिवस राजीव गांधी के सिद्धांतों और उनके कार्यों की स्मृति में मनाया जाता है। उनका जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई (पूर्व बंबई) में हुआ था।
देवी चंद ठाकुर ने बताया कि राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने वर्ष 1984 में मात्र 40 वर्ष की आयु में प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल (1984-1989) के दौरान देश ने शिक्षा, तकनीकी विकास और आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 के माध्यम से उन्होंने उच्च शिक्षा को बढ़ावा दिया और भारत में कंप्यूटर क्रांति की नींव रखी।
राजीव गांधी ने देश में सांप्रदायिक सौहार्द और एकता को मजबूत करने के लिए कई पहलों की शुरुआत की, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बरकरार है। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
