एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से अब तक लगभग 117 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। जिला उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी दी कि सबसे अधिक प्रभावित लोक निर्माण विभाग (85 करोड़) और जलशक्ति विभाग (24 करोड़) हुए हैं।
शिक्षा विभाग को 2 करोड़ 12 लाख, नगर परिषदों व पंचायतों को 2 करोड़ 68 लाख, बिजली बोर्ड को 10 लाख, और पशुपालन विभाग को 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
सड़कें और पेयजल योजनाएं प्रभावित
बारिश के चलते 5 मुख्य सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जबकि 5 से अधिक पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं। बिजली आपूर्ति भी पोल गिरने की वजह से प्रभावित हुई है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने और बहाली कार्य को युद्धस्तर पर जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।
जिला प्रशासन की अपील
उपायुक्त ने जनता से अपील की कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के पास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
