एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे किन्नौर जिले के निगुलसरी क्षेत्र में पिछले दस दिनों से राष्ट्रीय उच्च मार्ग अवरुद्ध है। इस आपदा के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता महिला मंडल और युवक मंडल के सहयोग से फंसे यात्रियों को लंगर लगाकर दिन-रात भोजन और सहायता प्रदान कर रहे हैं।
इस बीच, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज नेगी और बीडीसी अध्यक्ष कल्पा ब्लॉक ललिता पंचारस ने संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता आपदा के समय में भी राजनीति रोटी सेंकने में लगे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व वन निगम बोर्ड के उपाध्यक्ष सूरत नेगी बंद कमरे में बैठकर सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, जबकि प्रदेश केबिनेट मंत्री जगत नेगी खुद निगुलसरी के अवरुद्ध मार्ग पर पहुंच कर राहत कार्य में जुटे हुए हैं। मंत्री नेगी न केवल कामगारों का मनोबल बढ़ा रहे हैं, बल्कि फंसे यात्रियों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं और त्वरित सहायता पहुंचा रहे हैं।
नेताओं ने यह भी कहा कि अगर भाजपा के नेता वास्तव में जनता की सेवा करना चाहते, तो वे भी राहत कार्यों में हिस्सा लेते। लेकिन उन्होंने केवल सोशल मीडिया के माध्यम से केबिनेट मंत्री को कोस कर राजनीति करने तक खुद को सीमित रखा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोग अवरुद्ध मार्ग पर फंसे वाहन चालकों को भी भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, जो एक जिम्मेदार और सभ्य समाज के लिए ठीक नहीं है।
वर्तमान में स्थिति सामान्य हो रही है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने अपील की है कि ऐसी गंभीर परिस्थितियों में सभी दलों को राजनीति छोड़कर एकजुट होकर राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
