एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश सरकार में सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल ने आज मझेवली और फूंजा गांवों का दौरा किया। ये गांव हाल ही में हुई भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।
विधायक नंद लाल ने मौके पर पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और ज़रूरतों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सरकार और प्रशासन मिलकर राहत कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं, ताकि पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता और आवश्यक सेवाएं मिल सकें। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बहाल कर दिया जाएगा और कोई भी प्रभावित परिवार बिना सहायता के नहीं छोड़ा जाएगा। विधायक ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आपदा प्रबंधन के प्रयासों को और तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से सहयोग करने की अपील भी की गई, ताकि मिलकर संकट की इस घड़ी में प्रभावितों को राहत पहुंचाई जा सके। इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षेत्र में चल रहे राहत कार्यों की जानकारी दी और आवश्यक कदमों की रूपरेखा साझा की।
