एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
रामपुर उपमंडल के अंतर्गत पुलिस थाना कुमारसैन क्षेत्र में लुहरी-आनी सड़क मार्ग पर नौरी के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सतलुज नदी में समा गया। हादसे के बाद से वाहन और उसमें सवार व्यक्ति का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इस संबंध में निरमंड उपमंडल के लभोरा गांव निवासी 35 वर्षीय मान सुख पुत्र केशव राम के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है। मान सुख नौरी में मोटर मैकेनिक की दुकान चलाते हैं।
उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वह अपनी दुकान से नीचे सतलुज नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने पराशन की ओर से लुहरी-सैंज की तरफ जा रहे सफेद और सिल्वर रंग के एक वाहन को देखा। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, नौरी के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन पहले एक चट्टान से टकराया और इसके बाद सीधे सतलुज नदी के बीच जा समाया।
प्रत्यक्षदर्शी ने आशंका जताई है कि हादसा तेज एवं लापरवाह वाहन चलाने के कारण हुआ हो सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा नदी में गिरे वाहन और उसमें सवार संभावित लोगों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
