एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश में सीमेंट उपभोक्ताओं को महज एक दिन की राहत के बाद फिर से महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने सीमेंट पर लगने वाले कर (CGCR) में संशोधन करते हुए इसे 11 रुपये से बढ़ाकर 16 रुपये प्रति बैग कर दिया है। यह नई दरें सोमवार रात 12 बजे से पूरे प्रदेश में लागू हो गई हैं। सोमवार सुबह ही जीएसटी दरों में कटौती की वजह से सीमेंट के दाम 35 से 40 रुपये प्रति बैग कम हो गए थे। उपभोक्ताओं ने इसे बड़ी राहत माना था और निर्माण कार्यों में लागत घटने की उम्मीद जताई थी। लेकिन एक ही दिन बाद कर बढ़ोतरी ने राहत को झटका दे दिया।
अब कितने दाम में मिलेगा सीमेंट?
कर में 5 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी के बाद प्रदेश में सीमेंट के दाम इस प्रकार हो गए हैं:
एसीसी गोल्ड सीमेंट: 440 रुपये से बढ़कर 445 रुपये प्रति बैग
एसीसी सुरक्षा सीमेंट: 390 रुपये से बढ़कर 395 रुपये प्रति बैग
बांगड़ सीमेंट: 380 रुपये से बढ़कर 385 रुपये प्रति बैग
अल्ट्राटेक सीमेंट: 390 रुपये से बढ़कर 395 रुपये प्रति बैग
सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर सरकारी और निजी निर्माण कार्यों पर पड़ेगा। इससे घर बनाने से लेकर बड़े प्रोजेक्ट्स तक की लागत बढ़ जाएगी।
सरकार का तर्क : राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि यह संशोधन मंत्रिमंडल की 15 सितंबर की बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर किया गया है। सरकार का कहना है कि राज्य के राजस्व में वृद्धि और वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए यह कदम आवश्यक था। सीमेंट की बढ़ती कीमतों से उपभोक्ताओं में निराशा है। लोगों का कहना है कि पहले राहत की खबर ने उम्मीदें जगा दी थीं, लेकिन कर बढ़ोतरी ने फिर से जेब पर बोझ डाल दिया है।
