एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के उपमंडल सांगला की सापनी पंचायत के बटूरी गांव में शनिवार रात भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें लकड़ी के बने दो मकान आग की भेंट चढ़ गए। विद्या लाल और विजेंद्र सिंह के इन घरों में आग लगने से सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और गोशालाओं से मवेशियों को भी निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई।
गांव में आग बुझाने के पर्याप्त साधन नहीं थे, इसलिए ग्रामीणों ने पेयजल नलों से पानी लाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही घंटों में दोनों घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। स्थानीय प्रशासन की टीम रविवार को मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
