एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | रामपुर उपमंडल में आगामी दो सप्ताह के भीतर शुरू होने जा रहे सेब सीजन को लेकर जिला एवं स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश-प्रदेश की विभिन्न मंडियों तक फल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने सेब ढुलाई (Freight Rates) की नई दरें अधिसूचित कर दी हैं। उपायुक्त (DC) शिमला अनुपम कश्यप ने सख्त चेतावनी दी है कि तय भाड़े से अधिक वसूली करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित परिवहन दरें (प्रति क्विंटल/प्रति किमी):
दिल्ली के लिए: ₹0.95 (95 पैसे)
चंडीगढ़ के लिए: ₹1.30
आयशर (टाटा 407): ₹1.30
पिकअप (20 किलोमीटर तक): ₹2.30
पिकअप (20 किलोमीटर से अधिक दूरी): ₹2.50
इस साल सेब उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका
रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र के बागवान हर साल दिल्ली, चंडीगढ़, सोलन, शिमला, नारकंडा और खेगसू मंडियों में अपना सेब बेचते हैं। हालांकि, इस बार बागवानों को फसल के नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारों और बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार, रामपुर और ननखड़ी तहसील में बीते साल कुल 40 लाख पेटी सेब हुआ था, लेकिन इस वर्ष उत्पादन 17.50 लाख पेटी रहने की उम्मीद है।
मनमाना किराया वसूला तो होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित सरकारी दरों का ही पालन करें। यदि कोई भी चालक बागवानों से मनमाना किराया वसूलता हुआ पाया गया या शिकायत मिली, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
