एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
श्री सत्य साईं बाबा के जन्मोत्सव पर रामपुर क्षेत्र में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन्मोत्सव के अवसर पर महात्मा गांधी सेवा चिकित्सालय खनेरी में श्रद्धालुओं की ओर से लंगर सेवा की गई, जबकि अयोध्या नाथ मंदिर में साईं बाबा के भजनों का गुणगान कर भक्तों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
खनेरी अस्पताल में आयोजित लंगर में मरीजों, तीमारदारों और अन्य लोगों को भोजन वितरित किया गया। वहीं, अयोध्या नाथ मंदिर में भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा के भजनों का गायन किया और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद लिया। दोनों कार्यक्रमों में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान श्याम लाल, डिंपल, मदन गुलरिया, विनोद, राम सिंह, ज्ञान, नील कमल, उषा, सुषमा, तिलका, किरण, रंजू अग्रवाल, प्रोमिला, बंटी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहयोग दिया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि श्री सत्य साईं बाबा का संदेश प्रेम, सेवा, करुणा और मानवता पर आधारित है। जरूरतमंदों की सेवा और भक्ति के माध्यम से बाबा के जन्मोत्सव को मनाना उनके विचारों को आत्मसात करने का एक सार्थक प्रयास है।
