एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा | उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं। यात्रा पर जाने वाले हर श्रद्धालु के लिए ऑनलाइन पंजीकरण (Registration) अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पंजीकरण न तो यात्रा मार्ग में प्रवेश मिलेगा और न ही ठहरने की कोई सुविधा दी जाएगी। चंबा के उपायुक्त (DC) मुकेश रेपसवाल ने मणिमहेश यात्रा की तैयारियों और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश जारी किए।
यात्रा से जुड़ी मुख्य जानकारी और नियम:
1 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग: श्रद्धालु 1 अगस्त से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण और स्लॉट बुक कर सकेंगे।
पंजीकरण शुल्क: प्रत्येक श्रद्धालु के लिए ₹50 पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
क्यूआर कोड (QR Code) पर्ची: रजिस्ट्रेशन के बाद जारी होने वाली पर्ची में श्रद्धालु का विवरण, आपातकालीन संपर्क नंबर और सुरक्षा दिशा-निर्देश लिखे होंगे। इस पर अंकित क्यूआर कोड के जरिए मौके पर सत्यापन (Verification) किया जाएगा।
लाहड़ू और कलसुंई में स्थापित होंगे निरीक्षण केंद्र
उपायुक्त ने बताया कि जिले के लाहड़ू और कलसुंई में विशेष पंजीकरण निरीक्षण केंद्र (Check Posts) स्थापित किए जाएंगे। यहाँ प्रत्येक यात्री की पंजीकरण पर्ची की जाँच की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पर्ची के पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, एडीसी अमित मेहरा, एडीएम भरमौर विकास शर्मा सहित सभी उपमंडलों के एसडीएम वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे और यात्रा को सुरक्षित बनाने की रणनीति साझा की।
