एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सराहन स्थित मां भीमाकाली मंदिर परिसर में नवनिर्मित लांकडावीर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 14 दिसंबर को धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। इसके उपलक्ष्य में 12 से 14 दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। करीब एक शताब्दी बाद होने वाले इस धार्मिक आयोजन में हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों से तीन बाहरी देवताओं सहित छह स्थानीय देवता शामिल होंगे। जिनमें इनमें दत्त महाराज बसाहरा, देवता साहब गसो, नाग देवता बोंडा, लक्ष्मी नारायण मझगांव, लक्ष्मी नारायण किन्नू, निणसू महाराज धराली और लाहरू वीर गानवीं देवता शामिल होंगे। देवताओं के आगमन और हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मां भीमाकाली मंदिर न्यास ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महायज्ञ में रोहड़ू क्षेत्र के जाबड़ नारायण देवता, सांगला के कामरू से बद्री विशाल देवता और किन्नौर के सुंगरा से महेश्वर देवता शामिल होंगे। तीनों बाहरी देवताओं का सराहन पहुंचने का कार्यक्रम 12 दिसंबर को निर्धारित है, जबकि स्थानीय देवता 13 दिसंबर को मंदिर परिसर में पहुंचेंगे। इस दौरान देव परंपरा और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विभिन्न अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
जाबड़ नारायण के साथ हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
जाबड़ नारायण देवता के साथ रोहड़ू क्षेत्र के करीब 35 गांवों से पांच से सात हजार श्रद्धालुओं के सराहन पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा सुंगरा महेश्वर और कामरू बद्री विशाल देवता के साथ भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए प्रशासन उनके ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था में जुटा है।
मां भीमाकाली मंदिर न्यास के सचिव एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह के अनुसार, मंदिर में सात दिसंबर से धार्मिक पाठ शुरू होंगे। 14 दिसंबर को पूर्णाहुति के साथ प्रतिष्ठा महायज्ञ संपन्न होगा। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अलग-अलग दिनों में पहुंचेंगे देवता
इस बात की जानकारी देते हुए एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जाबड़ नारायण देवता इन दिनों किन्नौर के रामणी गांव क्षेत्र में प्रवास पर हैं। देवता 12 दिसंबर को ज्यूरी पहुंचेंगे, जहां रात्रि ठहराव के बाद 13 दिसंबर को सराहन के लिए रवाना होंगे। वहीं, सुंगरा महेश्वर और कामरू बद्री विशाल देवता 12 दिसंबर को सराहन पहुंचेंगे। स्थानीय देवताओं का आगमन 13 दिसंबर को होगा।
मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा माता भीमाकाली के आदेशों और देव परंपराओं के अनुसार निर्धारित समय पर संपन्न करवाई जाएगी। तीन दिवसीय महायज्ञ के दौरान पारंपरिक देव रीति-रिवाजों और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार अनुष्ठान होंगे। देवताओं के आगमन से सराहन में धार्मिक उत्सव का माहौल बनेगा और लांकडावीर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा क्षेत्र की देव संस्कृति एवं आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन होगी।
भीमाकाली न्यास के ट्रस्टी राजेश लारजू ने कहा कि यह एक भव्य आयोजन होने वाला है। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के सराहन आने की संभावना है।
