एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपमण्डलाधिकारी कल्पा अमित कलथाईक ने आज अपने कार्यालय कक्ष में 30 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक मिनी स्टेडियम रिकांगपिओ में आयोजित होने वाले चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के संदर्भ में बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने महोत्सव में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों के दायित्व निर्धारित किए और बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया ताकि आयोजन सफल हो सके।
उन्होंने राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के दौरान पेयजल, सफाई व्यवस्था, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों से गहनता से विचार- विमर्श किया और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए ताकि मिनी स्टेडियम रिकांगपिओ में सुचारु व्यवस्था बनी रहे। बैठक में उप-निदेशक उद्यान डॉ. भूपेन्द्र नेगी, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत टाशी छाडूप नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
