एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी घोषणाएं की। बड़सर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएससी कक्षाएं आरंभ की जाएंगी। अब तक 20 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड की मान्यता मिली है।

उन्होंने बड़सर अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 100 तक बढ़ाने की घोषणा की। इसके अलावा हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय के कैंसर केयर संस्थान पर 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बड़सर में इंडोर स्टेडियम और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कॉलेज में एमए और एमकॉम की कक्षाएं शुरू करने, क्षेत्र की ग्राम पंचायतों और बाजारों में सोलर लाइट और हाईमॉस्ट लाइट लगाने की भी घोषणा की।
सड़क निर्माण पर ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि बड़सर क्षेत्र में सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सलौणी-दियोटसिद्ध सड़क के लिए 37 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बाबा बालकनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के लिए 65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार की नीतियों के कारण शिक्षा क्षेत्र में गिरावट आई, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश ने असर रिपोर्ट में 5वां स्थान हासिल किया।
सरकार ने शराब की दुकानों की नीलामी और भ्रष्टाचार रोकने के उपाय अपनाकर राज्य को 3,000 करोड़ रुपये बचाए हैं। इसके अलावा विधवाओं, बच्चों और दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए मक्का, गेहूं, हल्दी और दूध के एमएसपी बढ़ाने की घोषणाएं भी की। अनाथ बच्चों के लिए ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना और विधवाओं, तलाकशुदा महिलाओं व दिव्यांग बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना शुरू की गई है। इस अवसर पर बड़सर में 41.52 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया गया। इसमें मिनी सचिवालय, उप स्वास्थ्य केंद्र, चैक डैम और सड़क उन्नयन परियोजनाएं शामिल हैं।
