एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का आज शुभारंभ हुआ। यह शिविर 25 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। शिविर का उद्घाटन समाजसेवी एवं शहीद पवन दंगल के पिता शिशु पाल दंगल के कर-कमलों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि — “सेवा, अनुशासन और समर्पण ही NSS की पहचान हैं। जब युवा समाज की भलाई के लिए कार्य करते हैं, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है।” उन्होंने स्वयंसेवियों से अपील की कि वे शिविर के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्व, नेतृत्व क्षमता और मानवीय संवेदनाओं का विकास करती है।
विशेष अतिथि के रूप में बधाल पंचायत के उपप्रधान संजय ज़िंटू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी राकेश नेगी (प्रवक्ता वाणिज्य) ने किया, जबकि महिला कार्यक्रम अधिकारी परवीना चौहान (प्रवक्ता समाज शास्त्र) ने आगामी सात दिनों की गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण, योग अभ्यास और ग्रामीण जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
