एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) ने आज लगातार दूसरे दिन भी कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय के संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर किया गया, जिसमें गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार पर विश्वविद्यालयों को दिए जाने वाले अनुदान में सौतेला रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान उच्च शिक्षा व्यवस्था की ओर बिल्कुल नहीं है, जिसके चलते प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं। स्थिति यह है कि विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों को समय पर वेतन तक उपलब्ध नहीं हो रहा है।
नेता मंडल ने कहा कि प्रदेश के अन्य सभी विभागों में कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा रहा है, तो विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा और संघर्ष को निर्णायक मोड़ तक ले जाया जाएगा।
