एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बद्दी में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली सीनियर स्टेट वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए शिमला जिला की महिला और पुरुष टीमें जोर-शोर से तैयारी में जुटी हैं। पिछले पांच दिनों से खिलाड़ी रामपुर के दत्तनगर स्थित विनोज नेगी की दत्तात्रेय वॉलीबॉल एकेडमी में अभ्यास कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण सत्र एनआईएस कोच प्रतीक शर्मा की देखरेख में चल रहा है, जहां खिलाड़ियों को तकनीकी और शारीरिक दोनों स्तरों पर मजबूत किया जा रहा है।
शिमला जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विक्रम बांशटू और सचिव यशविंदर ठाकुर ने बताया कि इस बार टीमें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और अनुशासन है तथा सभी खिलाड़ी समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में शिमला जिले की ओर से 12 पुरुष और 12 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से शिमला वॉलीबॉल टीम राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाएगी।
