एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने उपायुक्त कार्यालय रिकांगपिओ स्थित पार्किंग में आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की प्रेरणा दी, ताकि वे शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ स्वस्थ और अपनी पारंपरिक संस्कृति से जुड़े रह सकें।
कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्र भारत को शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा व रोजगार जैसे क्षेत्रों में मजबूत नींव प्रदान की। बच्चों में उनकी विशेष लोकप्रियता के कारण उन्हें प्रेमपूर्वक “चाचा नेहरू” कहा जाता था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ कर रही है। सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न लागू किया जाएगा और पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषण और खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा राजस्व मंत्री ने साडा रिकांग पिओ क्षेत्र के लोगों को सूखे और गीले कचरे के डस्टबिन वितरित किए और बताया कि प्रत्येक घर में अलग-अलग डस्टबिन उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सके और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम में राज्य सहकारी बैंक के निदेशक उमेश नेगी, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य डॉ. सूर्या बोरस, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, उप निदेशक कुलदीप नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा सहित कई विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
