ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Kinnaur: किन्नौर में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम व शरद ऋतु तैयारी पर उच्चस्तरीय बैठक, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश

November 18, 2025 5:39 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर

किन्नौर जिला में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा के लिए उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला उपायुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के तहत पहले लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए लंबित विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में किन्नौर के सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीण अधोसंरचना विकास, महिलाओं के कौशल विकास और क्षमता निर्माण पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि सुनिश्चित हो।

उपायुक्त ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत पूह उपमंडल में स्टेडियम निर्माण, हांगो में सुरक्षा दीवार, सुमरा पंचायत में महिला भवन, ख़ाब में मिनी स्टेडियम, नमज्ञा में मल्टीपार्किंग, तथा नाको में सामुदायिक भवन व महिला मंडल भवन निर्माण की प्रगति रिपोर्ट मांगी और कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। कार्यक्रम अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना, घनश्याम दास शर्मा ने बैठक का संचालन किया और विस्तृत प्रस्तुति दी।

शरद ऋतु व सर्दियों की तैयारी पर महत्वपूर्ण बैठक

उपायुक्त ने रिकांगपिओ में आगामी शरद ऋतु और सर्दियों के दौरान होने वाली संभावित कठिनाइयों को लेकर बिजली, पानी और सड़क बहाली से संबंधित सभी विभागों को अग्रिम तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला के कई क्षेत्र भारी बर्फबारी से प्रभावित रहते हैं, जहां जान-माल को नुकसान की आशंका बनी रहती है। ऐसे में विभागों को हॉट-स्पॉट्स पर विशेष ध्यान देते हुए मशीनरी, लेबर व उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। उपायुक्त ने जनता से अपील की कि सर्दियों के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन पर भरोसा रखें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी संस्थानों में दवाइयों व एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद्य आपूर्ति विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त राशन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, एसडीएम कल्पा अमित कल्थाईक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment