एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला समिति रामपुर के सचिव एवं उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने स्पष्ट और कड़े शब्दों में कहा है कि सभी स्टॉल धारक 30 नवंबर की रात तक मेला क्षेत्र को हर हाल में खाली कर दें। उन्होंने बताया कि स्टॉल और प्लॉट आवंटन केवल 30 नवंबर तक ही मान्य थे और यह शर्त सभी व्यापारियों को लिखित रूप से दी गई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार भी किया था।
उपमंडलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद एक भी स्टॉल यदि खाली नहीं मिलता है तो उसकी बिजली और पानी की आपूर्ति तुरंत बंद कर दी जाएगी। इसके साथ ही प्रशासन नियमों के तहत स्टॉल सील करने, सुरक्षा राशि जब्त करने तथा भविष्य में आवंटन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने जैसी सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान है और इसके सुचारू संचालन के लिए अनुशासन और समयपालन अनिवार्य है, इसलिए व्यापारी प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करें।
अंत में उन्होंने यह भी कहा कि स्टॉल हटाने के दौरान कोई भी कचरा, पैकिंग सामग्री या अपशिष्ट मेला क्षेत्र में न छोड़ा जाए, और साफ-सफाई बनाकर प्रशासन का सहयोग किया जाए।
