एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पदम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामपुर को प्रदेश सरकार द्वारा सीबीएसई स्कूल घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश परमार ने दी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि रामपुर के इस ऐतिहासिक विद्यालय को सीबीएसई स्कूल का दर्जा मिलने से स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक वर्ग, शिक्षक और कर्मचारी सभी में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न के अनुसार छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा और सुनियोजित तरीके से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी विद्यालय को सीबीएसई घोषित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर एवं नंदलाल विधायक एवं अध्यक्ष सातवां राज्य वित्त आयोग का विद्यालय को सीबीएसई स्कूल बनाने हेतु आभार जताया।
उन्होंने प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल प्रबंधन समिति भविष्य में भी पूरी तत्परता से कार्य करती रहेगी।
