एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के तहत इस वर्ष एक नया अध्याय जुड़ रहा है। 14 फरवरी को मंडी में पहली बार Mandi Literature Festival 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस साहित्यिक आयोजन को “छोटी काशी साहित्य उत्सव” नाम दिया गया है, जो ऐतिहासिक संकन गार्डन में आयोजित होगा।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह आयोजन मंडी नगर के 500वें स्थापना वर्ष के अवसर पर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने उत्सव का आधिकारिक लोगो भी जारी किया। उनका कहना था कि मंडी की पहचान केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की साहित्यिक परंपरा भी अत्यंत समृद्ध रही है। प्रदेश के धर्मशाला, कसौली और शिमला में साहित्य उत्सव आयोजित होते रहे हैं, लेकिन मंडी में अब तक ऐसा आयोजन नहीं हुआ था। इसी सोच के साथ इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में साहित्य उत्सव को जोड़ा गया है। लेखक राजा भसीन इस फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे।
पांच सत्रों में साहित्यिक मंथन
Mandi Literature Festival के अंतर्गत पांच विषयों पर सत्र आयोजित होंगे
मंडयाली लोक साहित्य एवं समकालीन साहित्य
कैमरा, मंडी, कलम और रंगमंच के माध्यम से कलात्मक अभिव्यक्ति
किस्सों की विरासत – लोक कथा से बाल कथा तक
युवा लेखन एवं मानसिक स्वास्थ्य
प्राचीन पारंपरिक साहित्यिक शैलियों का विकास
इसके अलावा साहित्य क्विज प्रतियोगिता और सायंकाल गजल संध्या भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
15 फरवरी को होगी दूसरी ब्यास आरती
उपायुक्त ने बताया कि 15 फरवरी को दूसरी ब्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आरती के संचालन के लिए बनारस से पांच विद्वानों को आमंत्रित किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि Mandi Literature Festival आने वाले वर्षों में स्थायी स्वरूप ग्रहण करे और मंडी को राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक पहचान दिलाए।
