एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की लगभग एक लाख 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को नि:शुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाया जाएगा। बाजार में 8 से 10 हजार रुपये कीमत वाला यह टीका सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।
28 फरवरी को पीटीएम में जागरूकता सत्र
शिक्षा निदेशालय शिमला द्वारा सभी जिलों के उप-निदेशकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि 28 फरवरी को आयोजित होने वाली पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) में अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान विशेष संवाद सत्र आयोजित कर माता-पिता को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व और सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के खतरे के बारे में जानकारी दी जाएगी।
मार्च-अप्रैल में होगा टीकाकरण
मार्च और अप्रैल में होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के बीच किसी एक निर्धारित दिन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के समय यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्ची खाली पेट न हो।
क्या बोले अधिकारी
उच्च शिक्षा विभाग कांगड़ा की उप-निदेशक कमलेश कुमारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया है। 28 फरवरी को अभिभावकों को विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा और जल्द ही टीकाकरण की तिथि घोषित की जाएगी।
शिक्षण संस्थानों में विशेष अभियान
निदेशालय और स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के तहत प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पीटीएम बैठकों में इस विषय पर चर्चा अनिवार्य रूप से शामिल की जाएगी, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को टीके के महत्व की सही जानकारी मिल सके।
एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी माना गया है और यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
