एआरबी टाइम्स ब्यूरो | निरमंड
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड में किसान सभा के बैनर तले कुर्पण कूहल से प्रभावित किसानों ने वीरवार को जल शक्ति विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि पिछले करीब 10 महीनों से कुर्पण कूहल बंद पड़ी हुई है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बताया कि कूहल बंद होने से ग्राम पंचायत डीम, कोट, कोटि, बड़ीधार, त्वार, शिश्वी और भालसी के किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। सिंचाई के लिए पानी न मिलने के कारण किसानों को फसलों के नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान किसान सभा के राज्य सचिव देवकी नंद और कुर्पण कूहल के प्रधान प्रदीप स्नेही ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार जल शक्ति विभाग से बातचीत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और कूहल की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कुर्पण कूहल का कार्य पूरा नहीं होता, तब तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को एसडीओ के साथ बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदर्शन में मोलू राम, पदम, अमीर चंद, टीटू, जिया लाल, उत्म, संजय, गंगा राम, नारदास, गुरदयाल और भीखम सहित कई किसान शामिल रहे।
