एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के ननखड़ी स्थित स्कूल को Central Board of Secondary Education से संबद्ध करने की अधिसूचना जारी होने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस मांग को उठा रहे थे। मांग पूरी होने पर स्थानीय लोगों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्षेत्र के लोगों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रदेश के शिक्षा मंत्री Rohit Thakur का हार्दिक धन्यवाद किया है। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी तथा ननखड़ी क्षेत्र के अन्य प्रतिनिधियों ने रामपुर में मंत्री के दौरे के दौरान ननखड़ी में CBSE स्कूल की स्थापना की मांग रखी थी।

इसके बाद फाग मेले के रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे शिक्षा मंत्री ने इस मांग को स्वीकार करते हुए ननखड़ी स्कूल को CBSE से जोड़ने की घोषणा की थी। सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के साथ ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि के लिए लोक निर्माण मंत्री Vikramaditya Singh का भी आभार जताया। उनका कहना है कि उनके मार्गदर्शन और प्रयासों से ही शिक्षा मंत्री का रामपुर दौरा संभव हुआ, जिसके दौरान क्षेत्र की शैक्षणिक जरूरतों को प्रभावी ढंग से उनके समक्ष रखा गया।
अभिभावकों और विद्यार्थियों ने कहा कि अब बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। ननखड़ी स्कूल के CBSE से जुड़ने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक और प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी उच्च शिक्षा और भविष्य की संभावनाएं बेहतर होंगी।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस निर्णय से ननखड़ी और आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
