एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
पंडोह में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 22 मार्च 2026 से तीसरी इंडिया रिजर्व बटालियन के प्रशिक्षण मैदान में शुरू हो गया है। यह रैली आर्मी भर्ती कार्यालय (एआरओ) मंडी द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों के सीईई उत्तीर्ण 2959 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
भर्ती निदेशक एआरओ मंडी कर्नल गौतम निशांत ने 21 मार्च को रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जाएगी।
भर्ती रैली का शुभारंभ 22 मार्च को सुबह 6:30 बजे 1.6 किलोमीटर की दौड़ के साथ हुआ, जो फिजिकल फिटनेस टेस्ट का पहला चरण है। दौड़ के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला।
रैली के पहले दिन कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के 326 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 239 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। सफल अभ्यर्थी अब शारीरिक मापदंड, दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सीय परीक्षण की अगली प्रक्रिया से गुजरेंगे।
आने वाले दिनों में मंडी जिले के अभ्यर्थी भी इस भर्ती रैली में शामिल होंगे।
