एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रवास पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंच गई हैं। उनका यह दौरा 27 अप्रैल से 1 मई तक रहेगा। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उनका हेलिकॉप्टर छराबड़ा स्थित कल्याणी हेलिपेड पर उतरा, जहां राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति अपने इस दौरे के दौरान शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी।
शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शिमला में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा एजेंसियां निगरानी कर रही हैं। सड़कों के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। हालांकि, संजौली और ढली क्षेत्रों में बैरिकेडिंग के चलते पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोका जा रहा है।
🔹 कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल
- 28 अप्रैल: राज्यपाल द्वारा आयोजित भोज में शामिल होंगी (लोक भवन, शिमला)
- 29 अप्रैल: अटल टनल, रोहतांग का निरीक्षण
- 30 अप्रैल: पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी
- 30 अप्रैल: मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ समारोह आयोजित करेंगी
- 1 मई: दिल्ली लौटने से पहले सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा करेंगी
