एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU Shimla) ने ऐसे स्नातक विद्यार्थियों के लिए राहत की घोषणा की है, जिनकी डिग्री लंबे समय से पूरी नहीं हो पाई है। विश्वविद्यालय ने पुराने बैच के विद्यार्थियों को विशेष परीक्षा के जरिए अपनी पढ़ाई पूरी करने का अवसर दिया है। इसके साथ ही जिन विद्यार्थियों को अपने प्राप्त अंकों में सुधार करना है, वे भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम और शास्त्री के 2013 से 2017 बैच तक के विद्यार्थी विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। पात्र विद्यार्थियों को प्रत्येक सेमेस्टर के लिए 10 हजार रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। ऑनलाइन परीक्षा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 अक्तूबर तय की गई है।
इन प्रोफेशनल कोर्स के विद्यार्थियों को भी मिलेगा अवसर
एचपीयू ने कुछ व्यावसायिक कोर्स के पुराने विद्यार्थियों को भी इस विशेष व्यवस्था में शामिल किया है। बीटीए, बीटीटीएम और बीपीई में शैक्षणिक सत्र 2013-14 से आगे के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। इसी तरह बीबीए और बीसीए के 2014-15 से आगे के विद्यार्थी और बीवॉक में 2017-18 से आगे के विद्यार्थी भी परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए 20 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर शुल्क निर्धारित किया है।
अक्तूबर में आयोजित होगी विशेष परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह मौका केवल लंबित डिग्री पूरी करने के लिए ही नहीं है, बल्कि विद्यार्थी अपने अंकों में सुधार के लिए भी परीक्षा दे सकते हैं। विशेष अवसर के तहत विषम सेमेस्टर की परीक्षा अक्तूबर में आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को निर्धारित समय में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 12 अक्तूबर के बाद परीक्षा फॉर्म जमा करने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क देना पड़ेगा। परीक्षा नियंत्रक की ओर से 1 अक्तूबर को जारी अधिसूचना में संबद्ध महाविद्यालयों और संबंधित अध्ययन केंद्रों को विद्यार्थियों को इस विशेष परीक्षा की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने पात्र विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी पात्रता और परीक्षा संबंधी जानकारी सुनिश्चित करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म जमा करें।
