एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर में आयोजित dJ NatioN Sports Fest 2026 के अंतर्गत आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को सफल समापन हो गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसमें Royal FC Chandigarh ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि FC Rohru उपविजेता रही।
टूर्नामेंट में विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों ने भाग लेते हुए उच्च स्तर का खेल प्रस्तुत किया। मैचों के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, आपसी तालमेल, रणनीति और खेल के प्रति समर्पण दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। आयोजन के दौरान खेल भावना और अनुशासन को विशेष प्राथमिकता दी गई, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
dJ NatioN Sports Fest 2026 युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। फुटबॉल टूर्नामेंट ने युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
dJ NatioN के अध्यक्ष साहिल सागर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों की मेहनत और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन लगातार जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि dJ NatioN Sports Fest 2026 के अंतर्गत वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ गुरुवार से किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। संस्था द्वारा आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
